आज भी तेज बारिश के आसार, अगले तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम।
इंदौर। मई में गर्मी की तपिश के बीच रविवार को शहरवासियों का गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश से सामना हुआ। सुबह उमसभरी गर्मी के बाद दोपहर में अचानक बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। शाम पांच से छह बजे के बीच एक घंटे में ही 56.5 मिमी बारिश हो गई। शहर में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार हैं।
मई में बारिश का रिकॉर्ड बना —
शहर के अधिकांश हिस्सों में गरज चमक के साथ अत्यधिक तेज गति से बारिश हुई। शहर के कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे। रीगल क्षेत्र में शाम छह बजे तक 68.75 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर रात 8.30 बजे तक 70.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को शहर में हुई बारिश ने मई में बारिश का नया रिकॉर्ड बनाया।
इंदौर में 10 साल में पहली बार 24 घंटे में 70.2 मिमी बारिश का रिकॉर्ड बना। इसके पूर्व वर्ष 2023 में इंदौर में 24 घंटे में सर्वाधिक 28.7 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले इंदौर में रात आठ बजे तक सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई।
पांच डिग्री कम होकर 36.2 डिग्री पर आया पारा —
रविवार को शहर में पांच बजे बाद हुई झमाझम बारिश के कारण दृश्यता गिरकर 500 मीटर तक पहुंच गई। बारिश के दौरान शहर में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा चली। बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 36.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.4 डिग्री रहा।
तीन दिन तक बारिश की संभावना —
इंदौर में आज दिन में धूप निकली है और दोपहर बाद बादल छाने के साथ बारिश(Indore Rain Today) होने की संभावना है। इंदौर में अगले तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है।
40 से ज्यादा जगह पेड़ गिरे, सड़कों पर जलजमाव, गाड़ियां फंसी —
रविवार दोपहर बाद आंधी के साथ हुई तेज वर्षा ने नगर निगम के दावों को पोल खोल दी। शहर में 40 से ज्यादा स्थानों पर पेड़ गिरे। लगभग सभी चौराहों पर जलजमाव से जाम की स्थिति बनी। कई क्षेत्रों में घुटने-घुटने पानी जमा हो गया।
मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों खर्च करने वाला नगर निगम हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा और जनता परेशान होती रही। कई जगह पेड़ गिरने से सड़क पर खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। यातायात प्रभावित हुआ। परेशान जनता नगर निगम कंट्रोल रूम में फोन लगाकर जानकारी देते रही, लेकिन राहत नहीं मिली।
घंटों बाद पहुंची नगर निगम की टीम देर शाम तक सड़क पर पड़े पेड़ों को हटाने में लगी रही। दोपहर बाद चली तेज हवा से जोन-13 के अंतर्गत आने वाले चोइथराम क्षेत्र में एक दर्जन पेड़ गिर पड़े। इसी तरह जोन 11 के अंतर्गत रेडियो कालोनी में भी आठ पेड़ गिरे। जोन 19, 18, तीन में भी पेड़ गिरे। जती कॉलोनी क्षेत्र में सड़क पर पेड़ गिरने से घंटों यातायात बाधित रहा। इसी तरह तीन इमली क्षेत्र, प्रकाश नगर, इंद्रपुरी सहित कई जगह पेड़ गिरने की सूचना मिली।
घरों में भरा पानी —
तेज वर्षा से जलजमाव की स्थिति बनी। निचली बस्तियों में घरों में पानी भराने की शिकायतें भी मिलीं। गडरिया मोहल्ला, चांदमारी भट्टा, हुकमचंद सहित कई कालोनियों के कई घरों में पानी भरा गया।
जलभराव से सिग्नल बंद, यातायात प्रभावित —
शहर में रविवार दोपहर बाद हुई तेज वर्षा के चलते कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। अलग-अलग मार्गों पर पेड़, खंभे, बस खराब होने के बाद यह स्थिति बनी। हालांकि यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया।
आंधी और तेज वर्षा के साथ ही शहर में महूनाका, गंगवाल बस स्टैंड, विजय नगर, रसोमा, नवलखा, आइटी पार्क सहित अन्य चौराहों पर यातायात बाधित हुआ। दरअसल जलभराव होने से कई चौराहों पर सिग्नल बंद हो गए थे।
साथ ही कहीं सड़क पर पेड़ गिर गया था, तो कहीं बस खराब हो गई तो कहीं जलभराव के चलते आवागमन अवरुद्ध हो गया। यातायात प्रबंधन की टीम ने अलग-अलग चौराहों पर तैनात होकर यातायात खुलवाया।
साभार – नईदुनिया।

ताजा समाचार (Latest News)
घंटा मंत्री के धार में भी पत्रकारों से बिगड़े बोल, धक्का मुक्की और अभद्रता
कोनसा नियम, कैसा नियम, जिले में लगातार हो रही नियम विरुद्ध नियुक्तियां!
निलंबन व जांच के ढकोसले के बाद भी संचालित होता नियम विरुद्ध चिकित्सालय