पेट्रोल में इथेनॉल की ब्लेडिंग के खिलाफ अब लोगों ने सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर इसके खिलाफ पहला विरोध-प्रदर्शन है, जिसमें दोपहर 2 बजे लोग जुटेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर उन्हें प्रदर्शन नहीं करने दिया गया तो वह नितिन गडकरी के घर के सामने धरना देंगे।
नई दिल्ली: पेट्रोल में की जा रही इथेनॉल की ब्लेंडिंग के खिलाफ पहली बार लोग सड़कों पर उतरने जा रहे हैं। ये प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज दोपहर 2 बजे किया जाना है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका विरोध जबरदस्ती लागू की गई इथेनॉल-20 ब्लेंडिंग पॉलिसी के खिलाफ जमीन पर पहला विरोध प्रदर्शन है।
2023 से पहले की गाड़ियों की चिंता
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर 2023 से पहले की गाड़ियां इथेनॉल-20 ब्लेंडेड ईंधन के अनुकूल नहीं है, इसे जबरदस्ती लागू क्यों किया जा रहा है। प्रदर्शन ‘टीम भारत अगेंस्ट इथेनॉल स्कैम’ के बैनर तले किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व राजनीतिक विश्लेषक और इंटरप्रेन्योर तहसीन पूनावाला कर रहे हैं।
E20 जल्दबाजी में किया गया लागू
तहसीन पूनावाला का कहना है कि केंद्र सरकार की E20 इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल पॉलिसी को जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है। उनका विरोध इस नीति के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन की जुबानी अनुमति दे दी है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या 200 तक सीमित करने के लिए कहा गया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
200 तक संख्या करना होगा सीमित
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारी एक प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे और एक दिन पहले ई-20 के समर्थन में की गई सरकार की प्रेस कांफ्रेंस पर पलटवार करेंगे। तहसीन पूनावाला का कहना है कि उन्हें पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की संख्या 200 तक ही रखने के लिए कहा है। लेकिन उन्हें ये समझ नहीं आ रहा है कि प्रदर्शन में आने वाले लोगों को सीमित कैसे किया जा सकता है।
.. तो गडकरी के घर पर देंगे धरना
तहसीन पूनावाला ने कहा कि चाहे जो कुछ भी हो जाए, लेकिन वे लोगों के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करके रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर पुलिस प्रदर्शन नहीं करने देती है और कोई गड़बड़ करती है तो वे लोग भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के घर के सामने धरने पर बैठ जाएंगे।

संबंधित समाचार ---
सूचना के अधिकार का कमाल, ग्रामीण समस्याओं से संबंधित आवेदन
पूरे देश में पेट्रोल और डीजल महंगा, नई दरें आज से लागू
पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी, कई पंपों में खत्म हुआ स्टॉक