madhya bharat live

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » गड्ढे ने बिगाड़ा ‘खेल’, सुलह की जगह दिखाया टशन

धार। (सुनील यादव) सड़क पर गड्ढा बचाने के चक्कर में हुए एक मामूली हादसे ने उस वक्त हिंसक मोड़ ले लिया, जब पांच युवकों ने मिलकर एक कार सवार युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामला राजगढ़ थाना क्षेत्र के कंजरोटा मैन रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास का है। आरोपियों ने न केवल फरियादी के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी कार पर पथराव कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

गड्ढे ने बिगाड़ा ‘खेल’, सुलह की जगह दिखाया टशन —

फरियादी राजेश पिता निर्भयसिंह वसुनिया (30), निवासी कपास्थल (अमझेरा) ने पुलिस को बताया कि वह अपनी अल्टो कार (MP 20 CF 1906) से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल का चालक सड़क पर गड्ढा बचाने के चक्कर में अचानक कार के सामने आ गया। टक्कर होने से बाइक सवार युवक और पीछे बैठी महिला गिर गए। राजेश ने इंसानियत दिखाते हुए कार रोकी, लेकिन मदद मिलने से पहले ही वहां विवाद शुरू हो गया।

घेराबंदी कर दी जान से मारने की धमकी —

हादसे के कुछ ही देर बाद वहां पहुंचे आशीष, सुनील, अनिल, चेना और विक्रम ने राजेश को चारों तरफ से घेर लिया। राजेश का आरोप है कि पांचों ने उसे मां-बहन की गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने राजेश को जान से मारने की धमकी दी और उसकी कार पर पत्थर बरसाए, जिससे कार को काफी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोपियों की कुंडली:

  1. आशीष पिता अनसिंह देवदा (श्यामपुरा)
  2. सुनील पिता नंदराम गामड़ (उण्डाखाल)
  3. अनिल पिता गलिया देवदा (श्यामपुरा)
  4. चेना पिता सोभान देवदा (श्यामपुरा)
  5. विक्रम वसुनिया (झकनावदा, झाबुआ)

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!