Home » मध्यप्रदेश » फोरलेन पर देर रात गुंडागर्दी: बोलेरो सवार ने स्कॉर्पियो वालों पर लाठी-पत्थरों से किया हमला

फोरलेन पर देर रात गुंडागर्दी: बोलेरो सवार ने स्कॉर्पियो वालों पर लाठी-पत्थरों से किया हमला

धार। (सुनील यादव – प्रधान संपादक) शहर के नौगांव थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर कल देर रात दबंगई का मामला सामने आया। एक काले रंग की बोलेरो में सवार अज्ञात बदमाशों ने पहले गलत दिशा से आकर स्कॉर्पियो को टक्कर मारी, फिर गाड़ी रोककर उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

पुलिस के अनुसार फरियादी केवलसिंह पिता चतरसिंह चावड़ा (30), निवासी पलवाडा थाना कानवन ने शिकायत दर्ज कराई है। घटना 23 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे शिनु दा ढाबा के पास इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन रोड की बताई जा रही है।

फरियादी के मुताबिक, वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहे थे, तभी एक काले रंग की बोलेरो गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में आई और उनकी गाड़ी के हेल्पर साइड में टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो को आगे खड़ा कर उसमें से कुछ लोग उतरे।

आरोप है कि बदमाशों ने स्कॉर्पियो के सामने के कांच और हेल्पर साइड के सभी शीशों पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

नौगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बोलेरो व आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

फरयादी के द्वारा थाने पर आकर रिपोर्ट किया गया, जिस पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। बोलोरो वाहन की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। हीरू सिंह रावत, थाना प्रभारी- नौगांव धार।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

>
error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!