धार। (सुनील यादव – प्रधान संपादक) जिले में इन दिनों चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा रखी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर कभी सूने घरों को निशाना बना रहे हैं, तो कभी रात के अंधेरे में मवेशी और वाहनो पर हाथ साफ कर रहे हैं।
मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघाना में 71 वर्षीय भेरुसिंह के सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश अंदर घुस गए। चोरों ने गोदरेज में रखे 57 हजार रुपये नकद, 75 चांदी के पुराने पूजा सिक्के और दो चांदी के कल्ले चोरी कर लिए। कुल चोरी की कीमत करीब 97 हजार रुपये आंकी गई है।
वहीं नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लसुडिया में चोरों ने ढोर कोटों को निशाना बनाते हुए 18 बकरा-बकरियों पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी कैलाश और उसके पड़ोसी दिनेश के यहां से कुल 65 हजार रुपये कीमत के मवेशी चोरी हो गए।
सागौर थाना क्षेत्र (मामला 1) के ग्राम रतवा में घर के सामने खड़ी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (MP11-ZH-0771) को अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। बाइक की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
सागौर थाना क्षेत्र (मामला 2) के दशहरा मैदान स्थित मंडी परिसर से दिनेश कपासिया की HF डिलक्स मोटरसाइकिल (MP09DV2270) चोरी हो गई। घटना दिनदहाड़े सुबह 7 बजे की बताई जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सेक्टर-01 पीथमपुर के हाट मैदान से योगेश माथनकर की HF डिलक्स बाइक (MP-09-XE-1621) को अज्ञात चोर 30 हजार रुपये सहित चुरा ले गए।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। यह चिंता का विषय है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों, वाहनों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना सम्बंधित निकटतम थाने पर दें।


संबंधित समाचार ---
शादी का झांसा… ओर ठगी! धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला
रफ्तार का कहर: 5 सड़क हादसों में 5 की मौत, लापरवाही बनी जानलेवा
टापरी में चल रहा था जुए का अड्डा, दबिश में 7 जुआरी गिरफ्तार