madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » दर्दनाक हादसा: कुछ ही मिनटों में उजड़ गया आशियाना, आग ने ली बेजुबानों की भी जान

दर्दनाक हादसा: कुछ ही मिनटों में उजड़ गया आशियाना, आग ने ली बेजुबानों की भी जान

धार। जिले के नालछा विकासखंड के ग्राम तितीपुरा में शनिवार रात करीब 8 बजे लगी भीषण आग ने एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। देखते ही देखते आग ने ऐसा विकराल रूप ले लिया कि दो मकान, अनाज, पशुधन और वर्षों की जमा पूंजी सब कुछ जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रूप सिंह पिता बल्लू और उनकी माता रिचाबाई के अलग-अलग मकानों में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही पलों में दोनों मकान लपटों में घिर गए और पास स्थित चारा घर भी इसकी चपेट में आ गया।

इस भयावह हादसे में घर में रखा करीब 12 क्विंटल गेहूं और 8 क्विंटल मक्का जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। वहीं चार बकरियां, करीब 10 मुर्गे-मुर्गियां जिंदा जल गए, जबकि एक बैल गंभीर रूप से झुलस गया।

आग की लपटों ने घर में रखा सारा सामान बर्तन, कपड़े, दैनिक उपयोग की वस्तुएं सब कुछ खाक कर दिया। इतना ही नहीं, परिवार की जमा पूंजी के रूप में रखे करीब 50 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवर, जिनमें कड़ी, पायल और मंगलसूत्र शामिल थे, वह भी आग की भेंट चढ़ गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर मांडव से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और सब कुछ जलकर राख हो चुका था।

इस दर्दनाक हादसे ने पीड़ित परिवार को पूरी तरह बेघर और आर्थिक रूप से तबाह कर दिया है। गांव में इस घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन की मदद पर टिकी हुई है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!