इंदौर के सनसनीखेज राजा रघुवंशी हत्याकांड के षड्यंत्र जैसा धार में भी एक मामला सामने आया है, जिसमें सोनम रघुवंशी के द्वारा कारित किए गए हत्याकांड को पुनः दोहराया गया है, यहां पर प्रियंका ने सोनम का किरदार निभाया।
धार। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली। वारदात को लूट जैसा दिखाने के लिए खुद को बंधक बनाया और घर से सोना-चांदी व नकदी गायब कर दी। पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरा राज खुल गया।
7 अप्रैल 2026 को गोंदीखेड़ा चारण निवासी प्रियंका पुरोहित ने थाना राजोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने रात में उसके पति देवकृष्ण की धारदार हथियार से हत्या कर दी और उसे बंधक बनाकर घर से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूट ले गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। इंदौर ग्रामीण जोन के आईजी अनुराग, डीआईजी मनोज कुमार सिंह और एसपी धार मयंक अवस्थी के निर्देशन में एएसपी पारुल बेलापुरकर और एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम की मदद से जांच की। जांच के दौरान कहानी में कई झोल सामने आए, जिससे शक मृतक की पत्नी प्रियंका पर गया।
जब महिला पुलिस की मौजूदगी में प्रियंका से सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि उसका राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित के साथ प्रेम संबंध था और पति से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
कमलेश ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने दोस्त सुरेन्द्र निवासी छण्डावद को 1 लाख रुपए देकर हत्या करवाने की योजना बनाई थी और वारदात को लूट का रूप देने की पूरी साजिश पहले से तय थी।
फिलहाल पुलिस ने प्रियंका और कमलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी रखी है, जबकि फरार आरोपी सुरेन्द्र की तलाश की जा रही है। लूटे गए सोने-चांदी के जेवर घर में ही छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें बरामद करने की कार्रवाई जारी है।
इनका रहा सराहनीय कार्य —
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजोद निरीक्षक रामसिंह राठौर, थाना प्रभारी तिरला निरीक्षक ज्योति पटेल, थाना प्रभारी सरदारपुर निरीक्षक अनिल जाधव, थाना प्रभारी राजगढ़ निरीक्षक समीर पाटीदार और थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना, उपनिरीक्षक हिना जोशी, चौकी प्रभारी रिंगनोद उपनिरीक्षक गुलाब भयडिया, सहायक उपनिरीक्षक पीएस डामोर, सुनील राजपूत, रमेशचंद्र भाभर, प्रधान आरक्षक अर्जुनसिंह, विपिन कटारा तथा आरक्षक दिलीप, अंकित रघुवंशी, महेंद्र, विक्रम अहिरवार, लालसिंह, वेलसिंह, राकेश, करण और महिला आरक्षक रमिला पचाया, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक प्रशांत गुंजाल के नेतृत्व में सायबर सेल धार की टीम – प्रधान आरक्षक सर्वेशसिंह सोलंकी, बलराम भंवर तथा आरक्षक प्रशांत सिंह चौहान, रोहित नरगावे, मनीष पाल और शुभम शर्मा की अहम भूमिका रही।



संबंधित समाचार ---
भोजशाला में गूंजा हनुमान चालीसा का स्वर, अब पूरी तरह पूजा का अधिकार मिलना चाहिए
लूट के लिए धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत
IPL सट्टे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार