कहीं चलती बाइक से मंगलसूत्र झपटा, तो कहीं घर के बाहर से उड़ा ले गए गाड़ियां।
धार। जिले में अपराधियों ने पुलिस की गश्ती को चुनौती देते हुए चोरी और लूट की वारदातों की झड़ी लगा दी है। पिछले 48 घंटों में पीथमपुर में झपट्टा मारकर लूट की बड़ी वारदात हुई, वहीं राजगढ़, अमझेरा और नौगाँव में चोरों ने मोटर सायकल और सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1. पीथमपुर: चलती बाइक पर मां-बेटे के साथ लूट, सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटा
पीथमपुर के बगदून तालाब के पास रात के अंधेरे में बाइक सवार बदमाशों ने दुस्साहस दिखाया। सादलपुर निवासी देवकन्याबाई अपने बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही थीं। तभी इंडियन पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए दो बाइक सवारों ने झपट्टा मारा और महिला के गले से पुराना मंगलसूत्र और सोने की चेन (कीमत करीब 60 हजार रुपये) खींचकर रफूचक्कर हो गए।
- थाना: पीथमपुर | धारा: 304(2) BNS
2. अमझेरा: चोरों की प्यास भी बड़ी! पानी की टंकी से 10 HP की मोटर चोरी
अमझेरा के ग्राम मिनाखेड़ी में चोरों ने जनसेवा की सरकारी संपत्ति को भी नहीं बख्शा। यहाँ पीएचई विभाग की 10 हॉर्स पावर की सरकारी मोटर, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, अज्ञात चोर पानी की टंकी से उखाड़ ले गए। वारदात 25 से 30 अप्रैल के बीच की बताई जा रही है।
- थाना: अमझेरा | धारा: 303(2) BNS
3. राजगढ़-नौगाँव: अस्पतालों और घरों के बाहर से बाइक ले उड़े बदमाश
बाइक चोर गिरोह भी जिले में पूरी तरह सक्रिय है। तीन अलग-अलग जगहों से गाड़ियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है:
- राजगढ़ (कंचन अस्पताल): रमेश पिता लालाजी सोलंकी की हीरो एचएफ डिलक्स (MP 11 MY 1195) अस्पताल की पार्किंग से चोरी हो गई।
- राजगढ़ (कुक्षी नाका): सुशील जैन के घर के सामने खड़ी बाइक (MP 45 MR 1399) शाम के वक्त चोर उड़ा ले गए।
- नौगाँव (दौलतपुर): कृष्मा पिता विक्रमसिंह पवार की होंडा बाइक (MP 11 NF 3203) देर रात घर के बाहर से गायब कर दी गई।
सलाह: आए दिन हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए अपनी गाड़ियों में एक्स्ट्रा लॉक या व्हील लॉक का इस्तेमाल करें। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत डायल 100 को दें।
अब आगे: पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पीथमपुर और राजगढ़ पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

संबंधित समाचार ---
एक्शन मोड में कप्तान, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर धार दबोचा
शादी समारोह में पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी
किसान संग्राम’: 3 घंटे चक्का जाम, सड़क पर गेहूं-प्याज बिखेर कर जताया विरोध