madhyabharatlive

Sach Ke Sath

Home » मध्यप्रदेश » खलघाट से होते हुए सफर की योजना हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है !
If you are planning to travel via Khalghat, then this news is very important for you!

If you are planning to travel via Khalghat, then this news is very important for you!

खलघाट से होते हुए सफर की योजना हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है !

कल 7 घंटे जाम रहेगा आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे, खलघाट टोल पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन।

बदला रूट: इंदौर-महाराष्ट्र जाने वाले संभलकर निकलें, भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक।

एसपी ने खुद संभाली कमान, सुरक्षा का अभेद्य घेरा: 350 जवान और एम्बुलेंस तैनात।

धार। अगर आप आज 7 मई को नेशनल हाईवे-52 (आगरा-मुंबई मार्ग) पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। धार जिले के खलघाट टोल प्लाजा पर किसानों की मांगों को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने जा रही है। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चक्काजाम रहेगा, जिसके कारण पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक को पूरी तरह डायवर्ट कर दिया है।

कार और छोटे वाहनों के लिए नया रास्ता —

​हल्के वाहनों को जाम से बचाने के लिए इन रास्तों से भेजा जाएगा:

  • इंदौर से बड़वानी/महाराष्ट्र की ओर: इंदौर से आने वाले वाहन काकड़दा चौकी से महेश्वर की ओर मोड़ दिए जाएंगे। यहाँ से आप मण्डलेश्वर, कसरावद और मराल होते हुए आगे जा सकेंगे।
  • बड़वानी/महाराष्ट्र से इंदौर की ओर: महाराष्ट्र तरफ से आने वाले वाहन खलघाट से धरमपुरी की ओर भेजे जाएंगे। ये वाहन चंदावड़, ब्रहम्णपुरी और पलाश चौराहा होते हुए इंदौर पहुंचेंगे।

भारी और मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन —

​ट्रकों और मध्यम मालवाहकों के लिए प्रशासन ने अलग व्यवस्था की है:

  • इंदौर से महाराष्ट्र की ओर: भारी वाहन मधुबन होटल के सामने से महेश्वर की ओर डायवर्ट होंगे। ये दुधी, महेश्वर चौराहा और कसरावद होते हुए निकलेंगे।
  • महाराष्ट्र से इंदौर की ओर: खलघाट से धरमपुरी, चंदावड़ और पलाश चौराहा वाला रूट रहेगा।

ध्यान दें: चक्काजाम के दौरान (सुबह 11 से शाम 6 बजे तक) भारी वाहनों को हाईवे पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने इसके लिए अलग से पार्किंग स्थल तय किए हैं, वहीं गाड़ियां खड़ी करनी होंगी।

क्यों हो रहा है प्रदर्शन ?

​म.प्र. कांग्रेस द्वारा किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर यह ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन प्रस्तावित है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त बल तैनात रहेगा और हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।

सुरक्षा का अभेद्य घेरा: 350 जवान और एम्बुलेंस तैनात —

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया है:

  • 350 जवान: जिला पुलिस बल और एसएएफ (SAF) के करीब 300 से 350 जवान मौके पर मुस्तैद रहेंगे।
  • इमरजेंसी सेवाएं: मौके पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई है ताकि आकस्मिक स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

एसपी ने खुद संभाली कमान —

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने खलघाट पहुंचकर आंदोलन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ जरूरी रणनीतियों पर चर्चा की। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आंदोलनकारियों के साथ समन्वय बैठक भी की है।

सलाह: कल सुबह 11 से शाम 6 के बीच इस रूट पर सफर करने से बचें, या फिर डायवर्जन रूट का ही पालन करें ताकि आप घंटों तक जाम में न फंसे रहें। जिला पुलिस प्रशासन धार। 

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!