शॉर्ट पीएम और चश्मदीद के बयान के बाद पुलिस ने दर्ज की हत्या की FIR.
खंडीगारा के दो आरोपी प्रवीण और विजय गिरफ्तार, संबंधों के विवाद में वारदात।
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहाँ दत्तीगारा-बिडवाल के एक कच्चे रास्ते पर पुरानी रंजिश के चलते एक 43 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मर्ग जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
आम के पेड़ के नीचे बिछाया ‘मौत का जाल’
घटना 5 जून की शाम करीब 7:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, खंडीगारा निवासी गोविन्द (43 वर्ष), पिता बजेसिंह पंवार जब दत्तीगारा-बिडवाल कच्चे रास्ते से गुजर रहे थे, तभी आम के पेड़ के नीचे घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों और मृतक के बीच पूर्व में हुए किसी संबंधों के विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने गोविन्द पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
लाठी, ईंट और कड़े से किया वार
हमलावरों के सिर पर खून सवार था। उन्होंने गोविन्द को संभलने का मौका तक नहीं दिया। आरोपियों ने:
- लकड़ी (लाठी) और ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए।
- हाथ में पहने लोहे के कड़े से चेहरे और सिर पर जानलेवा हमले किए।
पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के मुताबिक, हमला इतना बर्बर था कि गोविन्द के सिर, मुँह, दाढ़ी, दोनों हाथ, कमर, पसली और पुट्ठों (पीठ के निचले हिस्से) पर गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक चोटें लगने और खून बह जाने के कारण गोविन्द की मौके पर ही मौत हो गई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और चश्मदीद के बयान से खुला राज
घटना के अगले दिन यानी 6 जून की शाम 5:16 बजे कानवन पुलिस ने मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की। मामले में कायमी (FIR) थोड़ी देरी से होने को लेकर पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मर्ग क्रमांक 36/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शार्ट पीएम (Post Mortem) रिपोर्ट आने और चश्मदीद गवाह के बयानों के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत एक्शन लिया गया। कानवन थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (समान आशय/मिलीभगत) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ये हैं सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को धरदबोचा है:
- प्रवीण, पिता कमलसिंह पंवार (जाति राजपूत, निवासी- खंडीगारा)
- विजय, पिता जालमसिंह बारिया (निवासी- खंडीगारा)
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इस हत्याकांड में क्या कोई और भी शामिल था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।


संबंधित समाचार ---
कलयुगी दोस्ती और शराब के नशे का खौफनाक मंजर
दलाल की दाल नहीं गली तो लगाए आरोप, मामला पंचायत में भ्रस्टाचार
किस दिन खाते में आएंगे दो-दो हजार रुपये? जल्द खत्म होगा इंतजार, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस