Home » मध्यप्रदेश » शातिर आरोपी ने लूट और हत्या की वारदात को दिया अंजाम, गोली मार हटाया रास्ते से

शातिर आरोपी ने लूट और हत्या की वारदात को दिया अंजाम, गोली मार हटाया रास्ते से

लूट और हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार विरोध करने पर साहिल को हटाया था रास्ते से।

सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश: टेस्ट ड्राइव बना मौत का जाल, कर्मचारी को गोली मारकर लूटी थी बोलेरो।

धार। जिले के डही क्षेत्र में टेस्ट ड्राइव के बहाने की गई लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बदमाशों ने बड़ी साजिश के तहत शोरूम से बोलेरो वाहन लूटा और विरोध करने पर 21 वर्षीय कर्मचारी साहिल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

टेस्ट ड्राइव के बहाने रची थी खौफनाक साजिश —

11 अप्रैल को डही स्थित ए-वन ऑटो डील शोरूम पर तीन युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने बोलेरो (MP 04 TT 3572) खरीदने की बात कही और टेस्ट ड्राइव के लिए कर्मचारी साहिल को साथ लेकर निकल गए। कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और वे वाहन सहित फरार हो गए।

जंगलों में छिपे थे आरोपी, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे —

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में चार विशेष टीमें बनाई गईं। जांच के दौरान सुसारी गांव के पास लूटी गई बोलेरो पलटी हुई मिली। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध की पहचान अलीराजपुर जिले के आम्बी निवासी सुनील के रूप में हुई।
पुलिस ने आम्बुआ के जंगलों में घेराबंदी कर सुनील को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया।

विरोध करने पर गोली मार, झाड़ियों में छिपाया —

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पहले से लूट की योजना बनाई थी। रास्ते में जब साहिल को शक हुआ और उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी। इसके बाद शव को सुनसान इलाके में झाड़ियों में छिपा दिया।

वारदात के बाद भागते समय बोलेरो सुसारी के पास पलट गई। इसके बाद आरोपी पैदल जंगलों से होते हुए भागे और बाद में मोटरसाइकिल के जरिए अपने गांव पहुंच गए। पुलिस ने 12 अप्रैल को साहिल का शव बरामद किया था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मुख्य आरोपी निकला शातिर अपराधी —

मुख्य आरोपी सुनील पिता राधेश्याम मेहड़ा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर पहले से हत्या और मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल की तलाश में जुटी है।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम —

इस सनसनीखेज मामले के खुलासे में कुक्षी, डही, टांडा, जोबट, आम्बुआ सहित कई थानों की टीमों ने अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

एक मामूली टेस्ट ड्राइव की आड़ में रची गई यह साजिश कितनी खतरनाक हो सकती है, इस घटना ने साफ कर दिया। सतर्कता और सुरक्षा के नियमों की अनदेखी कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है।

संपादक- श्री कमल गिरी गोस्वामी

error: MADHYABHARAT LIVE Content is protected !!