कंडक्टर को घाटी में घेरा, मारपीट कर लूटी थी बाइक और मोबाइल।
मुखबिर तंत्र से गंधवानी पुलिस को मिली सफलता।
धार। काबरवा-पनवा घाटी मार्ग पर बस कंडक्टर के साथ हुई लूट की वारदात का गंधवानी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। नवागत एसपी सचिन शर्मा के पदभार संभालते ही अपराधियों के खिलाफ शुरू हुए अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
फिल्मी अंदाज में रोका था रास्ता
वारदात 2 अप्रैल की है। भैंसावाद निवासी राहुल पिता खड़कसिंह अचाले, जो मालवीया बस में कंडक्टर हैं, काबरवा-पनवा घाटी मार्ग से गुजर रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने राहुल के साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर उनकी मोटर साइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल और जेब में रखे 5000 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए थे।
मुखबिर के जाल में फंसा आरोपी
लूट की इस गंभीर वारदात के बाद एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने भूरू उर्फ भेरला (25) निवासी ग्राम बोरडाबरा को घेराबंदी कर दबोच लिया।
-
बरामदगी: आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।
-
रिमांड: पुलिस ने आरोपी को मनावर न्यायालय में पेश कर 2 दिन का रिमांड लिया है।
बाकी साथियों की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान भूरू से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि लूट की मोटर साइकिल और नगदी बरामद की जा सके। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी वारदातों में भी शामिल हो सकता है।
एसपी के मार्गदर्शन में टीम का गठन
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा व्दारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधो की पतारसी एवं आरोपायों की धरपकड के लिए निर्देश दिये गये। इसी तारत्मय में अति. पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में उक्त घटना के आरोपयो की धरपकड के लिए थाना प्रभारी गंधवानी प्रदीप खन्ना के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इनकी रही मुख्य भूमिका: इस सफलता में थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना, उप निरीक्षक विनय परमार, सूरजसिंह परमार, आरक्षक विक्रम, वीरेंद्र, दिलीप, सियाराम, हतरसिंह और माधु का विशेष योगदान रहा।

संबंधित समाचार ---
दुकानदार को बातों में उलझाया, नजर बचाकर पार किए लाखो के जेवर
एक्शन मोड में कप्तान, मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर धार दबोचा
शादी समारोह में पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी