भोपाल। राजधानी में बेलगाम ट्रैफिक, अवैध पार्किंग और नियम तोड़ने वालों पर लगाम कसने के लिए भोपाल ट्रैफिक पुलिस अब हाईटेक तकनीक का सहारा लेने जा रही है। शहर की सड़कों पर अब सिर्फ चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि आसमान से उड़ते ड्रोन कैमरे भी नजर रखेंगे। नियम तोड़ने वालों की हर गतिविधि ड्रोन में कैद होगी और मौके पर ही ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा।
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने इस नई व्यवस्था का ट्रायल शुरू कर दिया है। शुरुआती दो दिन के परीक्षण में वीआईपी रोड, न्यू मार्केट और पुराने शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में ड्रोन की मदद से 20 से अधिक चालान किए गए। इनमें अवैध पार्किंग, रान्ग साइड वाहन चलाने और रश ड्राइविंग के मामले प्रमुख रहे।
कंट्रोल रूम तक पहुंच रही जानकारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल ट्रैफिक मानिटरिंग के लिए दो आधुनिक ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं। ये ड्रोन लगातार हवा में उड़कर लाइव वीडियो सीधे ट्रैफिक कंट्रोल रूम तक पहुंचा रहे हैं। कंट्रोल रूम में मौजूद प्रशिक्षित पुलिसकर्मी इनकी लाइव फीड पर नजर रख रहे हैं और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं। सबसे ज्यादा फोकस उन इलाकों पर रखा जा रहा है जहां आए दिन जाम, अवैध पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने की शिकायतें सामने आती हैं।
ट्रैफिक जाम का पता चलते ही पहुंचेगी पुलिस
पुलिस का मानना है कि ड्रोन कैमरों की मदद से ट्रैफिक जाम की स्थिति का तुरंत पता चल सकेगा और मौके पर पुलिस बल भेजकर व्यवस्था सुधारी जा सकेगी।जल्द बढ़ेगी ड्रोन कैमरों की संख्याट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन तकनीक सिर्फ चालान काटने तक सीमित नहीं रहेगी। शुरूआती तौर पर ड्रोन कैमरों से चालानी कार्रवाई जरूर की जा रही है। लेकिन आगे ड्रोन की संख्या बढ़ेगी, जिसके बाद इसका उपयोग कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में भी किया जाएगा।
ड्रोन कैमरे से निगरानी
शहर के पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरे निगरानी करेंगे, ताकि खुलेआम शराबखोरी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई हो सके।आयोजनों में भी होगा उपयोगपुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार बड़े धार्मिक आयोजनों, त्योहारों, जुलूसों और वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। इससे भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी ढंग से संभाली जा सकेगी। हवाई निगरानी के कारण किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत प्रतिक्रिया देना आसान होगा।
दो ड्रोन पायलट कर रहे हैं कार्रवाई
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने ड्रोन संचालन के लिए दो पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देकर ड्रोन पायलट बनाया है। आने वाले समय में ड्रोन की संख्या बढ़ेगी, जिससे अन्य पुलिसकर्मियों को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य है कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में इस तकनीक का विस्तार किया जा सके।
ट्रैफिक पुलिस अब तकनीक के जरिए सड़क अनुशासन सख्ती से लागू करेगी। ड्रोन कैमरों से हर प्रमुख मार्ग और चौराहे की निगरानी होगी। नियम तोड़ने वालों पर तत्काल आनलाइन चालान किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना और शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मोनिका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं यातायात)


संबंधित समाचार ---
पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, मर्डर मिस्ट्री: खुलासा
SP का एक्शन पुलिस की रडार पर चढ़ा शातिर भूरू
दुकानदार को बातों में उलझाया, नजर बचाकर पार किए लाखो के जेवर