धार। (प्रधान संपादक – सुनील यादव) जिले के तिरला थाना क्षेत्र में लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तालाब किनारे खुले और जर्जर बिजली तारों ने एक युवक और उसके बैल की जान ले ली। घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़लीपुरा में 13 जनवरी को हुई घटना में कन्ना नामक युवक अपने बैल और अन्य मवेशियों को तालाब किनारे चरा रहा था। इसी दौरान पास में पड़े बिजली के जर्जर तारों में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में पहले बैल आया। बैल को बचाने की कोशिश में कन्ना भी करंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रताप डावर, निवासी सुलीबयड़ी, तालाब पर मोटर चलाने के लिए बिजली के तार लेकर आया था। उसने मोटर तो निकाल ली, लेकिन बिजली के तार तालाब में ही खुले और खतरनाक हालत में छोड़ दिए। तार कटे-फटे और जर्जर स्थिति में थे, जिससे यह हादसा हुआ।
बिजली विभाग से प्राप्त जानकारी में भी पुष्टि हुई है कि तारों की खराब और असुरक्षित स्थिति के कारण ही यह हादसा हुआ। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304ए और 429 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार ---
ढाबों पर छलका रहे थे जाम, आबकारी विभाग की दबिश, ढाबों पर कार्रवाई में 44 प्रकरण दर्ज
पुलिसकर्मी को फिर कुटा, इस बार ASI के भाई ने प्रधान आरक्षक की कर दी पिटाई
प्रमोशन के बाद भी लटकी रहेगी तलवार, गोपनीय रिपोर्ट (ACR) के आधार पर डिमोशन भी हो सकता है !